मुंबई । अभिनेत्री यामी गौतम धर अपनी आगामी फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म की अनोखी दुनिया और एक बड़े भारतीय परिवार से जुड़ी कहानी ने उन्हें इस प्रोजेक्ट की ओर आकर्षित किया। फैंटेसी, पारिवारिक ड्रामा और कॉमेडी से भरपूर यह फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
यामी के मुताबिक, फिल्म में दिखाए गए अवस्थी परिवार के रिश्ते, छोटी-मोटी नोकझोंक, आपसी अपनापन, मस्ती और एक-दूसरे के बारे में राय रखने की आदत ऐसी बातें हैं, जिनसे दर्शक आसानी से जुड़ाव महसूस कर सकते हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां एक नई बहू के आने के बाद खुशियों के साथ रहस्य और अनपेक्षित घटनाओं का सिलसिला शुरू हो जाता है।
मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी यामी
फिल्म में यामी गौतम धर मोहिनी की भूमिका निभा रही हैं। कहानी में मोहिनी के किरदार को लेकर परिवार के भीतर संदेह पैदा होता है और उसे डायन समझे जाने की आशंका से हास्य, रोमांच और पारिवारिक तनाव की परिस्थितियां बनती हैं। फिल्म में भारतीय लोककथाओं और अलौकिक घटनाओं को पारिवारिक मनोरंजन के अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी फिल्म
‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है, जबकि आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माता हैं। फिल्म में यामी के साथ आदिनाथ कोठारे, अनुराग ठाकुर और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म को दशहरा के अवसर पर दर्शकों के सामने पेश किया जा रहा है। पारिवारिक रिश्तों, हास्य, फैंटेसी और रहस्य के मेल के साथ ‘नई नवेली’ से दर्शकों को एक अलग तरह का सिनेमाई अनुभव देने की उम्मीद है।