स्पोर्ट्स । दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच मुकाबला सिर्फ मैदान पर बल्ले और गेंद तक सीमित नहीं रहा। मैच के चौथे दिन तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी के बीच एक बार फिर जुबानी जंग का दिलचस्प वाकया देखने को मिला।
साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 99 रन बनाए। इसी दौरान ईस्ट जोन की ओर से फील्डिंग कर रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी उनके पास पहुंचे और दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई। इस घटना ने मैच के पहले दिन की एक घटना की याद ताजा कर दी।
पहले तिलक ने किया था वैभव को स्लेज
मुकाबले के पहले दिन ईस्ट जोन के ओपनर वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने आक्रामक शुरुआत की थी। शुरुआती 10 ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने साउथ जोन के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया था।
इसी दौरान तिलक वर्मा वैभव के पास गए और उनसे कुछ कहते हुए नजर आए। माना गया कि तिलक युवा बल्लेबाज पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, वैभव की बल्लेबाजी पर इसका खास असर नहीं पड़ा और उन्होंने पहली पारी में 44 रन बनाए।
चौथे दिन बदला पूरा मामला
चार दिन बाद परिस्थितियां बदल चुकी थीं। ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था और साउथ जोन की टीम 336 रन पर सिमट गई। साउथ जोन के आठ विकेट गिर चुके थे और तिलक अकेले संघर्ष कर रहे थे।
इसी दौरान वैभव सूर्यवंशी तिलक के पास पहुंचे और उनसे कुछ कहते हुए दिखाई दिए। बातचीत के बाद वैभव शांत होकर अपनी फील्डिंग पोजीशन पर लौट गए। इस घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर पहले दिन की घटना के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
ईस्ट जोन ने बनाई मजबूत बढ़त
मुकाबले में ईशान किशन की 270 रनों की शानदार पारी के दम पर ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन बनाए। जवाब में साउथ जोन की टीम 336 रन ही बना सकी और ईस्ट जोन को 372 रन की बड़ी बढ़त मिली।
फॉलोऑन देने के बजाय ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने का फैसला किया। चौथे दिन टी-ब्रेक तक टीम ने दूसरी पारी में 2 विकेट पर 95 रन बना लिए थे। ईशान किशन 48 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे, जबकि वैभव दूसरी पारी में 8 रन बनाकर आउट हो चुके थे।
मैच के बीच तिलक और वैभव के बीच हुई यह नोकझोंक मुकाबले के रोमांच को और बढ़ा रही है।