पाकिस्तान पर ICC की फिर गिरी गाज, फातिमा सना के बाद गुल फिरोजा पर लगा जुर्माना

Women’s Asia Cup 2026 |  पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कप्तान फातिमा सना के बाद अब बल्लेबाज गुल फिरोजा पर भी ICC ने कार्रवाई की है। हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में अंपायर के फैसले पर असहमति जताने के मामले में गुल फिरोजा पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

दुबई में 7 सितंबर को खेले गए ग्रुप ए मुकाबले के दौरान गुल फिरोजा ने LBW के फैसले पर नाराजगी जाहिर की थी। पाकिस्तान की पारी के पांचवें ओवर में आउट दिए जाने के बाद उन्होंने अपना बैट दिखाकर अंपायर के फैसले पर असहमति जताई। गुल का मानना था कि गेंद पहले उनके बल्ले से लगी और उसके बाद पैड पर गई।

गुल फिरोजा को ICC के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.8 के तहत लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया गया। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करने के साथ प्रस्तावित सजा भी मान ली, जिसके चलते मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

24 महीने में गुल के दो डिमेरिट पॉइंट

इस कार्रवाई के बाद गुल फिरोजा के पिछले 24 महीनों में डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या बढ़कर दो हो गई है। इससे पहले उन्हें 23 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला T20 वर्ल्ड कप मुकाबले में आउट होने के बाद बैट और ग्लव्स आक्रामक तरीके से फेंकने के मामले में एक डिमेरिट पॉइंट मिला था।

इससे पहले भारत के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना पर भी ICC ने कार्रवाई की थी। शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद आक्रामक अंदाज में सेंडऑफ देने के मामले में उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट मिला था। फातिमा के भी 24 महीने के भीतर डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या दो हो गई है।

सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगा पाकिस्तान

हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 143 रन बनाए। इसके जवाब में हांगकांग की टीम महज 71 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की जीत में नशरा संधू का अहम योगदान रहा, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 रन देकर 7 विकेट हासिल किए।

72 रन की इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब 11 सितंबर को उसकी भिड़ंत मौजूदा चैंपियन श्रीलंका से होगी। वहीं, पहले सेमीफाइनल में 10 सितंबर को भारत और बांग्लादेश आमने-सामने होंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *