प्रधानाध्यापक एम.आर. बघेल को भावभीनी विदाई, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को किया याद

किरंदुल। माध्यमिक शाला टिकनपाल में बुधवार को प्रधानाध्यापक एम.आर. बघेल का विदाई सम्मान समारोह हर्षोल्लास और भावभीनी माहौल में आयोजित किया गया। संकुल केंद्र टिकनपाल के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बघेल के शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके सेवाकाल की सराहना की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद भदौरिया, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी मनोज राठौर और खंड स्रोत समन्वयक रत्तु राम राणा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में संकुल प्राचार्य मोहन सिन्हा, टिकनपाल सरपंच बुधराम ताती सहित जनप्रतिनिधि जोगा राम ताती, पोदिया राम ताती एवं देवसिंग ताती शामिल रहे।

शाल-श्रीफल और स्मृति चिन्ह से किया सम्मान

समारोह के दौरान अतिथियों ने प्रधानाध्यापक एम.आर. बघेल को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि बघेल ने अपने पूरे सेवाकाल में निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि बघेल का जाना शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके द्वारा दिखाए गए मार्गदर्शन और कार्यशैली से संकुल के शिक्षक एवं विद्यार्थी आगे भी प्रेरणा लेते रहेंगे।

बघेल ने जताया आभार

अपने उद्बोधन में एम.आर. बघेल ने सभी शिक्षक साथियों, विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग और स्नेह को याद करते हुए सभी के प्रति कृतज्ञता जताई।

कार्यक्रम में संकुल समन्वयक अजय साहू, विजेंद्र गुप्ता, कालिंदरी ठाकुर, अनारकली साहू एवं इतवारी नेताम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह भावुक माहौल के बीच संपन्न हुआ।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *