कृति सेनन के रक्षाबंधन एड पर बवाल, GIVA ने सभी प्लेटफॉर्म से विज्ञापन हटाया

मुंबई। ज्वैलरी ब्रांड GIVA ने अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन से जुड़े विज्ञापन को विवाद के बाद सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। विज्ञापन में कृति सेनन के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने सफाई जारी करते हुए कहा कि किसी की भावनाएं आहत करना उसका उद्देश्य नहीं था।

GIVA ने अपने बयान में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रांड हमेशा परिवार के साथ खुशियों भरे पलों को मनाने में विश्वास रखता है। कंपनी ने बताया कि इस बार वह अपने पालतू जानवरों को भी प्यार और उत्सव में शामिल करना चाहती थी।

कंपनी ने कहा कि यदि उसके हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो इसके लिए उसका कोई इरादा नहीं था। सम्मान के तौर पर विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया है। साथ ही कंपनी ने त्योहार के मौसम में लोगों के लिए प्यार और सकारात्मकता की कामना की।

कंगना रनौत ने उठाए थे सवाल

विज्ञापन को लेकर अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी कृति सेनन पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल उठाया कि क्या कोई महिला बिकिनी या अंडरगारमेंट्स पहनकर अपने भाई को राखी बांधेगी।

कंगना ने कहा था कि आज महिलाओं के पास कपड़ों के कई विकल्प मौजूद हैं और उन्हें अपनी पसंद के कपड़े पहनने की स्वतंत्रता है, लेकिन त्योहारों और पारिवारिक अवसरों पर मर्यादा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

राहुल गांधी ने किया कृति सेनन का बचाव

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विज्ञापन विवाद में कृति सेनन का बचाव किया था। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि महिलाएं क्या पहनती हैं, क्या करती हैं और कहां जाती हैं, यह उनकी अपनी पसंद है। उन्होंने महिलाओं को उनकी स्वतंत्रता के लिए निशाना बनाए जाने का विरोध किया।

इस पूरे विवाद के बीच GIVA द्वारा विज्ञापन हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस और तेज हो गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *