रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) मामले में जेल में बंद पूर्व चेयरमैन और रिटायर्ड IAS अधिकारी टामन सिंह सोनवानी की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें रायपुर के अंबेडकर अस्पताल स्थित एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज के बाद उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 18 अगस्त को सोनवानी की तबीयत अचानक बिगड़ी थी। उन्हें ब्रेडीकार्डिया की शिकायत के बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया। करीब 24 घंटे डॉक्टरों की निगरानी में रखने के बाद हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए उन्हें पेसमेकर लगाया गया। फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
CGPSC मामले में जेल में बंद हैं सोनवानी
टामन सिंह सोनवानी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन रह चुके हैं। वे CGPSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और धनशोधन से जुड़े मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। वर्तमान में वह जेल में बंद हैं।
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई भी चल रही है। इससे पहले करीब दो वर्ष पूर्व केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भी सोनवानी को गिरफ्तार किया था।
भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप
CBI ने आरोप लगाया था कि CGPSC की भर्ती प्रक्रिया में कथित तौर पर अनियमितताएं की गईं। जांच एजेंसी के अनुसार, प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों को डिप्टी कलेक्टर, DSP सहित विभिन्न पदों पर चयनित कराने के लिए कथित तौर पर अवैध लेन-देन किया गया।
मामले की जांच के दौरान पेपर लीक और कथित भ्रष्टाचार से जुड़े कई पहलुओं को भी जांच के दायरे में लिया गया है। अब सोनवानी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।