नई दिल्ली। ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम समाज को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह पवित्र अवसर समाज में एकता, शांति और खुशियों को बढ़ावा देगा। उन्होंने लोगों से दया और समाज के लिए कुछ करने की भावना को हमेशा मार्गदर्शक बनाए रखने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए कहा, “ईद मुबारक! मिलाद-उन-नबी की बधाई। मुझे उम्मीद है कि यह मौका हमारे चारों ओर एकता और खुशी को बढ़ाएगा। दया और समाज को कुछ वापस देने की भावना हमेशा हमारा मार्गदर्शन करे।”
पैगंबर मोहम्मद की शिक्षाओं को याद करने का अवसर
मिलाद-उन-नबी को ईद-ए-मिलाद और मौलिद के नाम से भी जाना जाता है। यह दिन पैगंबर मोहम्मद की पैदाइश की खुशी में मनाया जाता है। इस अवसर पर मुस्लिम समाज उनके जीवन, संदेश और शिक्षाओं को याद करता है।
इस्लामी परंपरा के अनुसार, पैगंबर मोहम्मद का जन्म करीब 570 ईस्वी में मक्का में हुआ था। मिलाद-उन-नबी इस्लामी कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-अल-अव्वल में मनाया जाता है।
देशभर में होते हैं धार्मिक आयोजन
ईद-मिलाद-उन-नबी के मौके पर देश के विभिन्न हिस्सों में धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। मस्जिदों और दरगाहों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाता है। विशेष नमाज और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। कई स्थानों पर जुलूस भी निकाले जाते हैं।
इस अवसर पर जरूरतमंदों के बीच भोजन, मिठाइयां और कपड़े वितरित करने की परंपरा भी है। प्रधानमंत्री के संदेश में भी दया, सेवा और समाज में एकता की भावना को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।