महाराष्ट्र | महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच स्थित आंबेनाली घाट में एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर करीब 700 से 800 फीट गहरी खाई में गिर गई. हादसे में कार सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई. मृतक सभी सतारा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
यह दर्दनाक हादसा दाबेली गांव के पास देर रात करीब 12:30 बजे से 1 बजे के बीच हुआ. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार युवक कोंकण क्षेत्र में छुट्टियां बिताने के बाद वापस सतारा लौट रहे थे, तभी वाहन घाट के खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा.
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. रात का अंधेरा, दुर्गम पहाड़ी रास्ता और गहरी खाई राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बन गए. सोमवार सुबह करीब 6 बजे से कई रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर अभियान में जुटीं.
राहत कार्य में महाबलेश्वर रेस्क्यू टीम, प्रतापगढ़ रेस्क्यू टीम, सीस्केप महाड-पोलादपुर, आपदा मित्र और स्थानीय बचाव समूह शामिल हैं. बचावकर्मी दूरबीन, रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से खाई में शवों की तलाश कर रहे हैं.
मृतकों की पहचान सतारा जिले के कोरेगांव तहसील के आसगांव गांव निवासी महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक सालुंखे (21), रितेश राजेंद्र लोखंडे (25), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), अंश समीर चव्हाण (18), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), अनिल अभिमन्यु शिंगटे (25) और नितिन किसान नायकोंडे (35) के रूप में हुई है.
स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह वही खतरनाक घाट क्षेत्र है जहां वर्ष 2018 में कोंकण एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी की बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी.
इस हादसे के बाद पूरे सतारा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है. परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.