पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक मामला: 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, बेंगलुरु दौरे के दौरान रास्ते में मिली थीं जिलेटिन की छड़ें

कर्नाटक  | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में कथित चूक के मामले में कर्नाटक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. यह मामला उस समय सामने आया था जब प्रधानमंत्री के बेंगलुरु दौरे के दौरान उनके निर्धारित मार्ग के पास जिलेटिन की छड़ें और अन्य संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी.

जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु दक्षिण जिले के पुलिस अधीक्षक आर श्रीनिवास गौड़ा ने ड्यूटी में कथित लापरवाही बरतने के आरोप में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI), एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) और चार कांस्टेबलों को जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया है.

यह घटना 10 मई की है, जब प्रधानमंत्री मोदी ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ संस्था के 45 वर्ष पूरे होने और उसके संस्थापक श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने बेंगलुरु पहुंचे थे.

बताया गया कि कनकपुरा रोड के पास जंगल से सटी एक कच्ची सड़क पर प्रधानमंत्री के रूट से करीब 20 फीट दूरी पर दो जिलेटिन छड़ें, छह अगरबत्तियां, माचिस, सेलोफेन टेप, बैटरी पैक, तार और एक सर्किट बोर्ड जैसी वस्तुएं बरामद हुई थीं. यह सामग्री प्रधानमंत्री के दौरे से करीब डेढ़ घंटे पहले मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था.

मामले में कग्गलीपुरा पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9B के तहत एफआईआर दर्ज की है. हालांकि घटना के 15 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और अब तक किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

जांच एजेंसियां अभी तक यह भी पता नहीं लगा पाई हैं कि विस्फोटक सामग्री वहां कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन लोग थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीम भी दिल्ली से बेंगलुरु पहुंची थी, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है.

इस घटना ने एक बार फिर वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *