रांची । केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने झारखंड दौरे के दौरान राज्य में केंद्र सरकार की आवासन एवं शहरी विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रांची स्थित राज्य अतिथि गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में शहरी प्रशासन, नगर विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, मिशन निदेशक तथा रांची स्मार्ट सिटी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U 2.0), स्वच्छ भारत मिशन-शहरी (SBM-U 2.0), अमृत 2.0 और पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। मंत्री ने हटिया रेलवे स्टेशन के आसपास रहने वाले झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप मॉडल को प्राथमिकता देने और औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए अफोर्डेबल रेंटल हाउसिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को जल्द क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन और अमृत 2.0 के अंतर्गत लंबित परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने तथा राज्य की सभी लेगेसी वेस्ट डंप साइटों का वैज्ञानिक रिमेडिएशन दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लंबित ठेकेदार भुगतान शीघ्र जारी करने, सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों की निविदाएं अगस्त 2026 तक जारी करने और स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए आईओटी आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम अपनाने पर भी बल दिया।
रांची में अपशिष्ट जल प्रबंधन की समीक्षा के दौरान मंत्री ने बिना उपचारित सीवेज को जलाशयों में जाने से पूरी तरह रोकने और प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने रांची स्मार्ट सिटी की ग्रीनफील्ड परियोजनाओं की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के शहरी विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने सीपीडब्ल्यूडी, हडको और एनबीसीसी के अधिकारियों के साथ अलग बैठक कर निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अर्बन चैलेंज फंड के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया।
दौरे के दौरान तोखन साहू ने रांची स्थित कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और लेगेसी वेस्ट डंप साइट का निरीक्षण कर बायोमाइनिंग एवं वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने दिसंबर 2026 तक डंप साइट के वैज्ञानिक निष्पादन का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए तथा पुनर्स्थापित भूमि पर वृक्षारोपण अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
चतरा जिले के दौरे में केंद्रीय मंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता बिंदेश्वर साहू के निवास पहुंचकर उनकी दिवंगत माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों से भी संवाद किया। इसके बाद उन्होंने मां बागेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर झारखंड की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वच्छ, समावेशी, आधुनिक और सतत शहरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है तथा आवासन, स्वच्छता और शहरी अधोसंरचना से जुड़ी सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।