कोरिया । छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में पूजा पैकरा आत्महत्या मामले को लेकर न्याय की मांग तेज हो गई है। रविवार को सर्व आदिवासी समाज के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों, परिजनों और स्थानीय लोगों ने विशाल रैली निकालकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर एसपी कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद कुमार चौक पर प्रदर्शन करते हुए लोगों ने नारेबाजी की और पूजा पैकरा को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों और परिजनों का आरोप है कि आईसी मार्ट के संचालक द्वारा कथित प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा पैकरा ने 8 जुलाई को आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी विनोद वैद्य को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दो अन्य नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
सर्व आदिवासी समाज और पीड़ित परिवार के प्रतिनिधियों ने कोरिया पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपकर सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
मामले को लेकर क्षेत्र में लगातार जनसमर्थन बढ़ रहा है और स्थानीय संगठनों ने भी निष्पक्ष जांच तथा त्वरित न्याय की मांग दोहराई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।