TheThinkmedia@raipur
रायपुर। छत्तीसगढ़ एक ऐसा राज्य है, जो किसानों को देश में सर्वाधिक 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान की कीमत दे रहा है। साथ ही 1 एकड़ में 21 क्विंटल तक की खरीदी की जाती है। छत्तीसगढ़ सरकार यहां के किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। इसके साथ ही जनजातियों के आर्थिक तथा सामाजिक उत्थान के लिए सरकार अनेक योजनाएं चला रही हैं। वर्षों तक नक्सलवाद का दंश झेलने वाला बस्तर डबल इंजन की सरकार की इच्छाशक्ति के बदौलत अब नक्सलमुक्त हो चुका है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में भी राज्य सरकार लगातार आगे बढ़ रही है। इन तमाम विषयों को लेकर छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता कृषि और जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम से पायनियर के संपादक डॉ. ए.एन. द्विवेदी ने की खास बातचीत-
सवाल- प्रदेश में मोदी की गारंटी कितनी पूरी हुई? कितनी बाकी है?
जवाब- राज्य में ज्यादातर गारंटियां पूरी की जा चुकी हैं और जो भी बची हैं उसे जल्द से जल्द हमारी सरकार पूरी कर लेगी। हमारी सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय लिया, देश भर में सबसे ज्यादा कीमत 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से यहां धान की खरीदी की जा रही है। जनजातियों के सर्वागींण विकास को केन्द्र बिन्दु बनाकर अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मोदी की गांरटी के तहत आज कई लाख परिवारों को छत मुहैया कराया जा रहा है। हर गरीब परिवार को पक्का मकान दिया जा रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। वहीं सीजीपीएससी घोटाले के आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। डिजिटलीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है, सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।
सवाल- आप कृषि मंत्री हैं, बीते ढ़ाई साल में किसानों के लिए आपकी सरकार ने क्या किया?
जवाब- हमारी सरकार छत्तीसगढ़ के किसानों के हित के लिए दृढ संकल्पित है। जैसा कि मैने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार देश की एकमात्र सरकार है जो 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी कर रही है। प्रति एकड़ 2१ क्विंटल तक की धान खरीदी हो रही है, यह अपने आप में ऐतिहासिक है। इसके अलावा अन्य फसलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके लिए प्रति एकड़ 15000 रुपये प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है। डबल इंजन की सरकार होने से यहां के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भी समुचित तरीके से लाभ मिल रहा है। फसल बीमा योजना के तहत किसानों की फसल की सुरक्षा की जवाबदेही तय की गई है।
सवाल- प्रदेश में खाद-बीज की कमी के मुद्दे अक्सर सुनाई देते हैं, इसमें क्या कहेंगे?
जवाब- राज्य में किसी भी प्रकार की कोई खाद की कमी नहीं है। प्रदेश में उर्वरक का लक्ष्य 15.55 लाख मीट्रिक टन के विरुद्व लक्ष्य का 90 प्रतिशत 14 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। वहीं बीज मांग के विरुद्व 96 प्रतिशत का भंडारण किया गया है। इसके अलावा भी वैकल्पिक श्रोत जैसे एनपीके और सिंगल सुपर फास्फेट की भी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसलिए अब यहां खाद-बीज कीे कोई कमी नहीं है। हां पिछले कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जरुर कालाबाजारी के चलते खाद-बीज की किल्लत से किसान परेशान रहते थे। अब राज्य के किसान खुशहाल हैं।
सवाल- रामविचार नेताम तीन बार मंत्री रहे, राज्यसभा संासद रहे, इसके अलावा भी कई दायित्वों का निर्वहन किए, मुख्यमंत्री बनने की इच्छा नहीं होती?
जवाब- मै पार्टी का एक सिपाही हूं। पार्टी ने मुझे जब भी जो जिम्मेदारी दी है मैने दायित्वों का निर्वहन किया। यह पार्टी का विषय है, पार्टी तय करती है किसे क्या दायित्व सौंपे जाएं।
सवाल- जनजातीय विकास विभाग की भी जिम्मेदारी आप संभाल रहे हैं, आदिवासियों की जीवन शैली और आर्थिक विकास के लिए क्या कार्ययोजना है?
जवाब- हमारी सरकार आदिवासियों के उत्थान और विकास के लिए दृढ संकल्पित है। सरकार शैक्षणिक तथा आर्थिक उन्नति के साथ-साथ उनके सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संर्वधन के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसके लिए हम अनेकों योजनाएं चला रहे हैं। प्रदेश में अनसूचित क्षेत्र 60 प्रतिशत से अधिक है तथा आदिवासी उपयोजना क्षेत्र 65 प्रतिशत से अधिक है। जनजातीय समुदायों के उत्थान के लिए कौशल विकास, आजीविका स्वराजगारमूलक योजनाओं तथा अधोसंरचना विकास के माध्यम से शैक्षणिक उन्नयन, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सांस्कृतिक प्रोत्साहन की दिशा में काम किया जा रहा है। छात्रों से लेकर सभी वर्ग के लिए योजनाएं संचालित हैं। महाविद्यालय स्तर पर छात्रवृत्ति योजना, छात्रावास आश्रम योजना, ऑनलाइन शिष्यावृत्ति वितरण, छात्र भोजन सहाय योजना, ट्यूशन योजना, खाद्यान्न सुरक्षा योजना, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, विद्यार्थी उत्कर्ष योजना, प्रयास आवासीय विद्यालय, पीएम जनमन योजना समेत अनेकों योजनाओं के माध्यम से सरकार आदिवासियों के विकास और उत्थान के लिए काम कर रही है।
सवाल- आपकी सरकार ने नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंका है, बस्तर के विकास का क्या रोड मैप है?
जवाब- माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं केन्द्रीय गृह मंत्री माननीय अमित शाह जी की दृढ इच्छा शक्ति, जवानों के अदम्य साहस ने बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कराने का काम किया है। सरकार बस्तर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए अनेक स्तर पर योजनाएं बनाई जा रही हैं, कई योजनाएं संचालित भी हैं। बस्तर में जल्द ही विकास का पहिया तेजी से दौड़ता दिखेगा। यहां पर्यटन की आपार संभावनांए है, इस दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है। आद्यौगिक विकास भी हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध होंगे। व्यवसायिक खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। दरअसल पिछले कई दशक से राज्य का यह इलाका विकास से वंचित रहा। कई जगह तो मूल-भूत सुविधाएं भी नहीं थी। नक्सलवाद का खौफ इतना था कि सरकार की योजनाओं का लाभ बस्तर को नहीं मिल पाता था। अब बस्तर का समुचित विकास होगा।
सवाल- वर्तमान में सरगुजा संभाग की सभी 14 सीटों पर भाजपा के विधायक हैं, आगामी समय में भी सरगुजा ही सत्ता की चाबी होगी क्या?
जवाब- माननीय प्रधानमंत्री जी की गारंटी और भाजपा सरकार की नीतियों की वजह से सरगुजा की जनता ने सभी 14 सीटों पर भाजपा को बहुमत दिया। राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरुप काम कर रही है। सरगुजा क्षेत्र का समुचित विकास हो रहा है। निश्चित ही सरगुजा की सभी सीटें महत्वपूर्ण है, क्योंकि राज्य में कुल 90 विधानसभा सीट है, जिसमें से 14 सीटें एकसाथ किसी राजनीतिक दल को मिलना यह एक बड़ी उपलब्धि होती है, साथ ही यह नंबर भी सरकार बनाने के लिहाज से काफी उपयोगी है। इसलिए सरगुजा आने वाले समय में भी काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। यहां की जनता सरकार की नीतियों और सुशासन की वजह से फिर चौदह की चौदह सीटें भाजपा की झोली में डालेगी।
सवाल- आप सरकार में काफी सीनियर मंत्री हैं, शासन चलाने का लंबा तर्जुबा है, लंबे समय तक सत्ता में रहने के बाद भी रामविचार नेताम एक निर्विवाद नेता के रुप में जाने जाते हैं, इस पर कुछ कहेंगे?
जवाब- देखिए हमे जनता ने चुना है, हम उनके प्रति सदैव सेवा भाव से समर्पित रुप से काम करते आ रहे हैं। हमारा सदैव यही उद्देश्य रहा कि जनता को योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ मिले। उनके सर्वागींण विकास को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार योजनाएं बनाती हैं। हमे जनता के बीच जाने पर सदैव अपनेपन का भाव मिलता है, प्यार मिलता है, उनका आर्शीवाद मिलता है। वर्षों से जनता जनार्दन के प्रति सर्मपण और पार्टी के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने वाला मै एक सिपाही हूं। मैं छत्तीसगढ़ की जनता, और बलरामपुर के वोटरों का हृदय से अभारी हूं जो दशकों से मुझ पर विश्वास करके मुझे सेवा का अवसर दे रहे हैं।