कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर अंदरूनी कलह एक बार फिर सामने आ गई है। पार्टी सांसद काकोली घोष ने लोकसभा में चीफ व्हिप कल्याण बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला सांसदों के साथ दुर्व्यवहार और अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल का दावा किया है। Kakoli Ghosh Dastidar Kalyan Banerjee
काकोली घोष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज करने की अनुमति मांगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण बनर्जी ने सदन के भीतर उनके साथ अनुचित व्यवहार किया और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया।
अपने पत्र में उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐसा व्यवहार केवल उनके साथ ही नहीं, बल्कि अन्य महिला सांसदों के साथ भी किया गया है। उन्होंने स्पीकर से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई और सजा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस विवाद के बाद टीएमसी के भीतर एक बार फिर असंतोष और गुटबाजी की चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि काकोली घोष हाल के दिनों में पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रही थीं और उन्होंने कुछ समय पहले अपने पदों से इस्तीफा भी दिया था।
गौरतलब है कि कल्याण बनर्जी पहले भी महिला सांसदों के साथ विवादों और तीखी बयानबाजी को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं, जिससे पार्टी के भीतर तनाव की स्थिति कई बार सामने आ चुकी है।