हैदराबाद। देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन में उस समय हड़कंप मच गया जब रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की जांच के दौरान एक यात्री के बैग से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। जांच में कुल 1.22 करोड़ रुपये से अधिक कैश मिलने पर अधिकारियों के होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, सिकंदराबाद रेलवे पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम बोलारम और मलकाजगिरी रेलवे स्टेशनों के बीच नियमित चेकिंग कर रही थी, तभी एक 40 वर्षीय यात्री की गतिविधियों पर शक हुआ। पूछताछ के बाद जब उसके लगेज की तलाशी ली गई तो बैग से नोटों की गड्डियां बरामद हुईं।
आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के अमरावती निवासी के रूप में हुई है, जो देवगिरी एक्सप्रेस के S6 कोच की बर्थ नंबर 71 पर यात्रा कर रहा था। Devgiri Express
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि यह नकदी मुंबई से सिकंदराबाद के मोंडा मार्केट क्षेत्र में एक ज्वेलरी कारोबारी तक पहुंचाई जानी थी। इसके बदले उसे 5 हजार रुपये दिए जाने की बात सामने आई है।
रेलवे पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार, यात्री कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पूरी नकदी जब्त कर ली गई। प्रारंभिक जांच में मामला हवाला लेन-देन से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आरोपी को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है, जबकि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।