बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में फैमिली कोर्ट परिसर के बाहर तीन तलाक का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। एक पति पर आरोप है कि उसने सरेआम अपनी पत्नी को तीन बार ‘तलाक’ कहकर रिश्ता खत्म कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी की शादी लगभग दो साल पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के आरोपों के चलते महिला अपने मायके लौट आई थी। इसके बाद उसने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसकी सुनवाई कुटुंब न्यायालय में चल रही थी।
घटना उस समय हुई जब महिला कोर्ट परिसर के बाहर किसी काम से गई थी। इसी दौरान आरोपी पति ने उसे रोककर विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने गुस्से में आकर तीन बार ‘तलाक, तलाक, तलाक’ कह दिया और वहां से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम और जान से मारने की धमकी की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश कर रही है।