जिला न्यायालय कोण्डागांव में शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति से गूंजा न्यायालय परिसर

कोण्डागांव । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर कोण्डागांव एवं परिवार न्यायालय में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। जिला न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश खिलावन राम रिगरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं परिवार न्यायालय में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विक्रम प्रताप चंद्रा तथा किशोर न्याय बोर्ड में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल ने ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के बाद न्यायिक अधिकारियों, न्यायालयीन कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। इस दौरान पूरे न्यायालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल बना रहा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारियों, स्कूली बच्चों एवं अन्य प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया।

अपने संबोधन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश खिलावन राम रिगरी ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी से संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और न्याय की भावना को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में स्कूली बच्चों को सम्मानित चिन्ह एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प के साथ हुआ।

इस अवसर पर समस्त न्यायाधीशगण, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपक ठाकुर, अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *