रक्षाबंधन से पहले गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में खाद्य सुरक्षा अभियान, मिलावटी मिठाइयों पर कसेगा शिकंजा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। राज्य शासन के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार यह अभियान 17 से 23 अगस्त तक संचालित किया जाएगा।

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए अभियान के दौरान मिलावटी, अमानक एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मिठाई एवं कन्फेक्शनरी के थोक एवं फुटकर विक्रेताओं, अस्थायी एवं मौसमी मिठाई निर्माताओं के साथ होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जाएगा।

अभियान के तहत बिना लेबल, बिना सामग्री विवरण अथवा भ्रामक नाम और लेबल वाली मिठाइयों की जांच की जाएगी। इसके अलावा संदिग्ध डेयरी एनालॉग तथा दूध के रूप में प्रस्तुत किए जा रहे गैर-दुग्ध उत्पादों पर भी विशेष नजर रहेगी। होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबों में ‘बटर’, ‘क्रीम’, ‘चीज’ और ‘पनीर’ के नाम से उपयोग की जा रही सामग्री की भी जांच की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा टीमों द्वारा शहरी थोक बाजारों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों और साप्ताहिक हाट-बाजारों तक खाद्य पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला की जांच की जाएगी। संदिग्ध अथवा अमानक खाद्य पदार्थ पाए जाने पर नियमानुसार नमूना संकलन, जब्ती, रोकथाम और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल किसी मिठाई में वनस्पति तेल या वनस्पति वसा पाए जाने मात्र से उसे प्रतिबंधित डेयरी एनालॉग नहीं माना जाएगा। उत्पाद की वास्तविक प्रकृति, नाम, सामग्री, लेबलिंग और उपभोक्ता के समक्ष उसके प्रस्तुतिकरण के आधार पर ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान का उद्देश्य केवल खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित खाद्य पदार्थों के मानकों के प्रति जागरूक करना और आम नागरिकों को भी खाद्य सुरक्षा के प्रति सजग बनाना है। जिला स्तर पर अभियान की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी तथा निरीक्षण, संकलित नमूनों, उल्लंघनों और की गई वैधानिक कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट तैयार कर राज्य मुख्यालय को भेजी जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *