मनेन्द्रगढ़ में 25 अगस्त को रोजगार मेला, 135 पदों पर भर्ती का सुनहरा मौका

एमसीबी । जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा 25 अगस्त 2026, मंगलवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), मनेन्द्रगढ़ में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।

रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 135 रिक्त पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा। इसमें वेल्डर, होटल मैनेजमेंट, सिलाई मशीन ऑपरेटर, मीटर इंस्टॉलेशन और शिक्षकीय पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

वेदांता स्किल स्कूल, लर्निंग स्किल्स लिमिटेड, कोरबा द्वारा वेल्डर के 20, होटल मैनेजमेंट के 25 और सिलाई मशीन ऑपरेटर के 25 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं से 12वीं तक निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 12 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।

वहीं जीनियस इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मीटर इंस्टॉलेशन के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं, 12वीं अथवा आईटीआई उत्तीर्ण पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा तथा कार्यक्षेत्र छत्तीसगढ़ रहेगा।

इसके अलावा न्यू लाइफ इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, जनकपुर में शिक्षकीय पदों पर भी भर्ती होगी। इसमें पीआरटी अंग्रेजी के 5, पीआरटी विज्ञान के 5, टीजीटी हिंदी के 3 तथा पीजीटी अंग्रेजी और पीजीटी भौतिकी के एक-एक पद शामिल हैं। पदों के अनुसार एमए, एमएससी, बीएससी, डीएड एवं बीएड जैसी शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। इन पदों के लिए 8 हजार से 18 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतनमान निर्धारित है।

पंजीयन और दस्तावेज जरूरी

रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। इसमें शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का ई-रोजगार पोर्टल अथवा CG Rojgar Panjiyan App के माध्यम से पंजीकृत होना अनिवार्य है। केवल पंजीकृत अभ्यर्थी ही प्लेसमेंट कैंप में शामिल हो सकेंगे।

अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, निवास एवं जाति प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर आईटीआई मनेन्द्रगढ़ पहुंचना होगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *