प्रयास आवासीय विद्यालय में छात्रों का फूटा गुस्सा, भोजन, पानी और पढ़ाई को लेकर लगाए आरोप

जगदलपुर। धुरगुड़ा स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था और हॉस्टल की अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। छात्रों का आरोप है कि कक्षाओं के दौरान ही विद्यालय परिसर में निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे मशीनों का शोर उनकी पढ़ाई में बाधा बन रहा है।

छात्रों ने बताया कि आईआईटी-जेईई और नीट की तैयारी कराने वाले अनुभवी शिक्षकों को हटाकर उनकी जगह पर्याप्त योग्य शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई। उनका कहना है कि शिक्षकों के बार-बार बदलने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित हो रही है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी जाती और विरोध करने पर टीसी, नोटिस तथा एफआईआर की धमकी दी जाती है।

शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ छात्रों ने हॉस्टल की सुविधाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बाथरूम, पेयजल और साफ-सफाई की खराब स्थिति का आरोप लगाया। भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी नाराजगी जताते हुए छात्रों ने खाने में कीड़े मिलने जैसी शिकायतें कीं। छात्रों ने अपने पसंदीदा शिक्षकों और वार्डन को वापस नियुक्त करने की मांग करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही जेईई और नीट की तैयारी बेहतर ढंग से हो पाती थी।

मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम मनीष वर्मा विद्यालय पहुंचे और छात्रों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने भोजन व्यवस्था, हॉस्टल, पेयजल, बाथरूम और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। एसडीएम ने कहा कि वे हर सप्ताह हॉस्टल का निरीक्षण करेंगे और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करेंगे।

कोऑर्डिनेटर के व्यवहार को लेकर मिली शिकायतों पर एसडीएम ने कहा कि पहले संबंधित अधिकारी को समझाइश दी जाएगी। यदि व्यवहार में सुधार नहीं होता है तो नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अब छात्रों को प्रशासनिक आश्वासनों के अमल में आने और विद्यालय की व्यवस्थाओं में वास्तविक सुधार का इंतजार है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *