खम्हारडीह थाने के बाहर खत्म हुआ कांग्रेस का प्रदर्शन, गैर-जमानती धाराओं की होगी समीक्षा

रायपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में खम्हारडीह थाने के बाहर गुरुवार से जारी कांग्रेस का धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया। पुलिस प्रशासन के साथ तीन प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदर्शन खत्म करने की घोषणा की।

दीपक बैज ने बताया कि पुलिस ने कांग्रेस के आवेदन पर सात दिनों के भीतर जांच पूरी कर कांग्रेस भवन पर कथित हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान घायल हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का चिकित्सीय परीक्षण कराकर दोषियों के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाई गई गैर-जमानती धाराओं की विवेचना कर उन्हें हटाने पर भी सहमति बनी है।

दरअसल, भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के धरने के विरोध में कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया गया था। इस दौरान हुए हंगामे के बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। इसके विरोध में कांग्रेस ने खम्हारडीह थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था।

धरने में शामिल कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर वापस लेने और कांग्रेस भवन में कथित हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मांगों को लेकर कांग्रेस ने थाने के बाहर टेंट लगाकर प्रदर्शन जारी रखा था।

पुलिस प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बाद तीन बिंदुओं पर सहमति बनने से गतिरोध समाप्त हुआ और कांग्रेस ने अपना धरना वापस लेने की घोषणा कर दी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *