रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव राज्य में खेलों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री मंगलवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर में आयोजित पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मार्च-अप्रैल 2026 में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉन्क्लेव में देशभर से आए खेल प्रशासकों, नीति निर्माताओं, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट्स, खिलाड़ियों और विशेषज्ञों के सुझावों से राज्य की खेल नीति और खिलाड़ियों के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई है, जिन्हें भविष्य में सरकारी नौकरियों में लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच दिया है। बस्तर ओलंपिक में करीब चार लाख और सरगुजा ओलंपिक में लगभग साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने भागीदारी की, जो राज्य में खेलों के बढ़ते उत्साह का प्रमाण है।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि कॉन्क्लेव में प्राप्त सुझावों और निष्कर्षों के आधार पर राज्य के लिए एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
खिलाड़ियों को मिली प्रोत्साहन राशि
समारोह में मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले 11 खिलाड़ियों और तीन टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदकों सहित कुल 19 पदक हासिल किए थे।
स्वर्ण पदक विजेताओं को 2 लाख, रजत पदक विजेताओं को 1.5 लाख और कांस्य पदक विजेताओं को 1 लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। वहीं टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख, रजत पदक विजेता पुरुष फुटबॉल टीम को 16.5 लाख तथा कांस्य पदक विजेता पुरुष हॉकी टीम को 9 लाख की राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, खेल वैज्ञानिक, प्रशिक्षक, सभी जिलों के खेल अधिकारी तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।