जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026: मुख्यमंत्री साय बोले— पुलिस का जज़्बा ही सुरक्षित और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सुशासन की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा ही सुरक्षित, शांत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है।

मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित एक निजी सभागार में आयोजित ‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पुलिस बल की सेवा भावना और मनोबल का सम्मान है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पुलिस की वर्दी अधिकार का नहीं, बल्कि त्याग, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी जिस निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव का विशेष उल्लेख करते हुए उन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने 199 किलोग्राम भार उठाकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है तथा यह साबित किया है कि पुलिस बल के जवान खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

नक्सलवाद पर निर्णायक सफलता का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक नक्सलवाद ने बस्तर के विकास को प्रभावित किया, लेकिन अब क्षेत्र विकास, विश्वास और परिवर्तन के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति तथा राज्य पुलिस और सुरक्षा बलों के साहस को दिया।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान लोकतंत्र, विकास और मानवता की रक्षा का संघर्ष था। पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में अपने प्राणों की परवाह किए बिना अभियान चलाकर प्रदेश को भयमुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

घायल जवानों के साहस की सराहना

मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अस्पतालों में घायल जवानों से मुलाकात के दौरान उन्होंने देखा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उनके चेहरे पर निराशा नहीं, बल्कि दोबारा मोर्चे पर लौटने का संकल्प दिखाई देता था। उन्होंने कहा कि जवानों का यही जज़्बा छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरा है।

मीडिया की भूमिका पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सकारात्मक पत्रकारिता पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों को समाज तक पहुंचाकर पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाती है और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती है।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने भी मीडिया की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से पुलिस को जनआकांक्षाओं को समझने और व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाने का अवसर मिलता है।

विभिन्न श्रेणियों में पुलिसकर्मियों का सम्मान

‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ के तहत सामुदायिक पुलिसिंग, नवाचार, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, सोशल मीडिया जनजागरूकता, नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, ई-मालखाना प्रबंधन, पिंक पेट्रोल यूनिट, अनुसंधान एवं अन्वेषण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आर. कृष्णा दास, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *