किरंदुल। प्रकाश विद्यालय किरंदुल में 22 जुलाई को ‘स्नो वर्ल्ड’ नामक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फादर अखिल मैनेजर और फादर थॉमस जोशा रहे। विद्यालय के प्राचार्य फादर दिलीप टी. मैथ्यू, उपप्राचार्य सिस्टर मार्गरेट एवं अन्य अतिथियों का स्वागत विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुति और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
इस अवसर पर प्राचार्य फादर दिलीप टी. मैथ्यू ने कहा कि प्रकाश विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास और सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है, जिससे बच्चों को अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिसकी अतिथियों ने जमकर सराहना की। बच्चों के उत्साह और प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे। ‘स्नो वर्ल्ड’ कार्यक्रम उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ।