तिल्दा-सिमगा। सिमगा विकासखंड के ग्राम नवागांव स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में शासन की सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की 44 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। योजना का उद्देश्य छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी समाज की जिम्मेदारी है और सभी को इसके लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य चंद्रप्रकाश टोण्डे, सरपंच नीरा कोसल, उपसरपंच शिवप्रसाद साहू, प्राचार्य करण सिंह हरबंस, रमेश साहू, सुमन साहू, बसंत उपाध्याय, सुशीला साहू, कौशल्या साहू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा।