मुंबई । बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान और करीना कपूर खान के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दोनों करीब 15 साल बाद एक बार फिर साथ नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीना कपूर शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ में स्पेशल अपीयरेंस देंगी और फिल्म के एक बड़े गाने का हिस्सा बनेंगी।
‘डैडी कूल’ में दिखेगी शाहरुख-करीना की जोड़ी
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, करीना फिल्म में ‘डैडी कूल’ नाम के एक स्पेशल सॉन्ग में नजर आएंगी। फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद इस गाने को शाहरुख खान और करीना कपूर के साथ बड़े स्तर पर शूट करने की तैयारी में हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, गाने की शूटिंग अक्टूबर के अंत में दक्षिण अफ्रीका में की जा सकती है। इसके लिए करीना ने करीब पांच दिन का समय दिया है। गाने को फिल्म की प्रमुख हाइलाइट्स में से एक बताया जा रहा है।
‘रा-वन’ के बाद फिर साथ आएंगे
शाहरुख और करीना इससे पहले ‘रा-वन’ में साथ नजर आए थे, जो 2011 में रिलीज हुई थी। दोनों की जोड़ी ने ‘छम्मक छल्लो’ जैसे गानों से खूब चर्चा बटोरी थी। इससे पहले दोनों ‘डॉन’ के ‘ये मेरा दिल’ जैसे स्पेशल नंबर में भी साथ दिखाई दिए थे।
अब ‘किंग’ में दोनों की वापसी को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, ‘डैडी कूल’ को लेकर मेकर्स की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सचिन-जिगर ने दिया है म्यूजिक
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘डैडी कूल’ गाने का संगीत सचिन-जिगर की जोड़ी ने तैयार किया है। गाने में एक भारतीय और एक अंतरराष्ट्रीय सिंगर की आवाज होने की बात कही जा रही है। हालांकि, सिंगर्स के नाम को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
2 नवंबर से शुरू हो सकता है प्रमोशन
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ‘किंग’ से जुड़ा अगला बड़ा अपडेट 2 नवंबर, शाहरुख खान के जन्मदिन के मौके पर जारी किया जा सकता है। इसी के साथ फिल्म का आधिकारिक प्रमोशन भी शुरू होने की संभावना है।
फिल्म में शाहरुख खान के अलावा सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ, अभिषेक बच्चन, राघव जुयाल, सौरभ शुक्ला और अरशद वारसी समेत कई कलाकार नजर आएंगे। ‘किंग’ के 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की जानकारी दी गई है।