तिल्दा-नेवरा । गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर गौ सम्मान आह्वान अभियान की ओर से जनजागरूकता और अभियान को तेज करने की बात कही गई है। मंगलवार को स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित बैठक और प्रेस वार्ता में राजस्थान से आए राज्य प्रचारक किशन शर्मा ने गौ संरक्षण को भारतीय संस्कृति से जोड़ते हुए केंद्र और राज्य सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग की।
किशन शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में गौ का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में गौ से जुड़े उत्पादों का उपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि गौ हत्या पर रोक और गौ संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
17 दिसंबर को सौंपा जाएगा ज्ञापन
अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि 17 दिसंबर 2026 को राजधानी में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। बैठक में इस मांग को लेकर देशव्यापी स्तर पर चलाए जा रहे अभियानों और रैलियों में सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया गया।
आवारा गौवंश की समस्या का मुद्दा भी उठा
नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 21 की पार्षद एवं सभापति रानी सौरभ जैन ने शहर की सड़कों, गलियों और मोहल्लों में घूमने वाले गौवंश की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क पर रहने वाले गौवंश की सुरक्षा और उनके संरक्षण के लिए समाज को आगे आना चाहिए।
बैठक में समाजसेवी सौरभ जैन, वार्ड क्रमांक 19 के पार्षद दिनेश साहू, वार्ड क्रमांक 20 के पार्षद संतोष यदु, गौ सम्मान आह्वान अभियान के कवर्धा-राजनांदगांव संभाग प्रभारी रोहन चंद्रवंशी और दुर्ग संभाग प्रभारी कमल किशोर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने लोगों से गौ संरक्षण के प्रयासों में सहभागी बनने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।