रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बलौदाबाजार में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की अगुवाई में ऐतिहासिक षष्ठी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा के साथ प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामी। सड़क और मंदिर परिसर के आसपास बिखरे कचरे को साफ कर डस्टबिन में एकत्र किया गया।
स्वच्छता को आदत बनाने पर जोर
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक आदत है, जो धीरे-धीरे संस्कार बनती है और हमारे व्यवहार का हिस्सा हो जाती है।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विभिन्न जनसेवा गतिविधियों के जरिए लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया श्रमदान
स्वच्छता अभियान में कलेक्टर, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, नगर पालिका उपाध्यक्ष, विभिन्न वार्डों के पार्षदों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने श्रमदान कर सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील भी की गई।