साकेत त्रासदी: कोचिंग सेंटर वाली इमारत गिरने से 6 की मौत, 7 घायल

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास सैदुलाजाब इलाके में तीन मंजिला इमारत गिरने के मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है, जबकि 7 लोग घायल बताए गए हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं और पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, वेस्टर्न मार्ग स्थित यह इमारत शनिवार शाम अचानक भरभराकर ढह गई। घटना के समय भवन की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। इमारत में एक कोचिंग संस्थान, कैफे और कुछ कार्यालय संचालित हो रहे थे, जिसके कारण वहां लोगों की आवाजाही बनी रहती थी।

छात्रों समेत कई लोग हुए हादसे का शिकार

पुलिस के मुताबिक, मृतकों और घायलों में कुछ छात्र भी शामिल हैं, जो एफएमजी (Foreign Medical Graduate) परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। हादसे के समय कई छात्र कोचिंग संस्थान में मौजूद थे। इमारत गिरते ही अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बचाव कार्य में जुट गए।

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही National Disaster Response Force (NDRF), Delhi Fire Services (DFS), Delhi Disaster Management Authority (DDMA) और दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बचावकर्मियों ने हाइड्रोलिक कटर, विशेष कैमरों, खोजी कुत्तों और भारी मशीनों की मदद से रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

अधिकारियों के अनुसार, मलबे में फंसे सभी संभावित लोगों की तलाश पूरी होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया।

MCD की कार्रवाई, दो इंजीनियर निलंबित

हादसे के बाद Municipal Corporation of Delhi (MCD) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन विभाग के दो इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में भवन की संरचनात्मक मजबूती, निर्माण कार्य और सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि यह भी देखा जा रहा है कि कहीं भवन निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ था। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने किया दौरा

घटना के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

सरकार ने पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। दक्षिण जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में विस्तृत जांच की जाएगी, जबकि महरौली थाने में आपराधिक मामला दर्ज कर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।

फिलहाल इमारत गिरने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *