किरंदुल में गांधी-शास्त्री जयंती पर निकली सद्भावना प्रभात फेरी

किरंदुल । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), शाखा-किरंदुल द्वारा सद्भावना प्रभात फेरी एवं सर्वधर्म-सद्भाव सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सुबह करीब 8 बजे सीआईएसएफ मुख्य चेकपोस्ट से प्रभात फेरी निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी भवन, बस स्टैंड परिसर पहुंची। प्रभात फेरी का विभिन्न समाजों और समुदायों ने अपने-अपने पारंपरिक परिधान, वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वागत किया।

गांधी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

गांधी भवन परिसर पहुंचने के बाद राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर माल्यार्पण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न समाजों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। सभी समाजों के प्रतिनिधियों ने एकता कलश में पुष्प अर्पित किए। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने सर्वधर्म प्रार्थना में हिस्सा लिया और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

समाजसेवियों का किया सम्मान

कार्यक्रम में स्वच्छता सेवा से जुड़े दादा-दादी तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों को ‘समाज गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों की सहभागिता के माध्यम से एकता और सांस्कृतिक समन्वय का संदेश दिया गया।

बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एनएमडीसी के अधिशासी निदेशक रवीन्द्र नारायण के साथ जे.सी. दास, सुब्रमण्यम, तनवीर जावेद, इंटक यूनियन के अध्यक्ष विनोद कश्यप, सचिव ए.के. सिंह, बी.एल. तारम, पतिराम बघेल, जिया उल हसन सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नगरवासी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से गांधी-शास्त्री जयंती पर सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *