रायपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोक भवन परिसर के बाहर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
राज्यपाल ने लोक भवन परिसर में आयोजित स्वच्छता गतिविधियों में स्वयं सहभागिता की और झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। इस दौरान लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी परिसर के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया। कर्मचारियों ने कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निपटान किया।
स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं है, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर परिसर के साथ स्वच्छ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।