कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से रूस का हमला, NATO शिखर सम्मेलन से पहले बढ़ा तनाव

कीव । NATO शिखर सम्मेलन से ठीक पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया। सोमवार तड़के हुए इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य घायल हुए हैं। हमले के बाद राजधानी के कई इलाकों में विस्फोटों की आवाजें गूंजती रहीं और इमारतों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, रूस ने हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया। लगातार हो रहे विस्फोटों के बीच बड़ी संख्या में नागरिकों ने मेट्रो स्टेशनों और भूमिगत बंकरों में शरण ली।

कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि बचाव दल पूरी रात क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे रहे। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में 7 लोग कीव के हैं, जबकि एक व्यक्ति बुचा जिले में मारा गया। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।

यूक्रेन की वायुसेना ने पुष्टि की कि हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों के अलावा ड्रोन और क्रूज मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया गया। हमले से कुछ समय पहले राजधानी में एयर रेड सायरन बजा दिए गए थे, जिसके चलते लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।

सूत्रों के अनुसार, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को खुफिया एजेंसियों से पहले ही बड़े रूसी हमले की आशंका की जानकारी मिल गई थी। उन्होंने रविवार को नागरिकों को सतर्क रहने की चेतावनी भी दी थी। इसके अगले ही दिन रूस ने राजधानी पर व्यापक हमला कर दिया।

विश्लेषकों का मानना है कि NATO शिखर सम्मेलन से ठीक पहले हुआ यह हमला रूस की ओर से सैन्य और कूटनीतिक दबाव बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। लगातार जारी युद्ध के बीच शांति वार्ता की संभावनाएं फिलहाल बेहद कमजोर नजर आ रही हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *