बंगाल में बरुईपुर घटना पर बवाल, ममता के ‘हाउस अरेस्ट’ दावे से गरमाई राजनीति

कोलकाता । पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में 12 वर्षीय किशोरी की कथित दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है। पीड़ित परिवार से मिलने बरुईपुर जाने की घोषणा के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई, जिसे लेकर TMC ने कड़ा विरोध जताया है।

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि उन्हें बरुईपुर जाने से रोकने के लिए उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने दावा किया, “मुझे हाउस अरेस्ट किया गया है।”

बरुईपुर मामले पर बढ़ा राजनीतिक विवाद

दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में एक 12 वर्षीय किशोरी का शव तालाब से मिलने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। आरोप है कि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई। घटना के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

TMC का आरोप

TMC ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि पीड़ित परिवार से मुलाकात रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया।

TMC की राज्यसभा सांसद डोला सेन ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष की गतिविधियों पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है और बरुईपुर की घटना को लेकर सरकार जवाब देने से बच रही है।

भाजपा ने आरोपों को किया खारिज

वहीं, भाजपा ने TMC के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह केवल सामान्य सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है। पार्टी का कहना है कि इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की जा रही है।

बरुईपुर की घटना को लेकर प्रदेश में राजनीतिक माहौल लगातार गर्म है। मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *