रिषभ पंत की होगी प्लास्टिक सर्जरी, किया जा सकता है दिल्ली एयरलिफ्ट; दुआ में उठे फैंस के हाथ

चोटिल भारतीय विकेटकीपर रिषभ पंत को चिकित्सीय जरूरत पड़ने पर दिल्ली एयरलिफ्ट किया जा सकता है। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि यदि चिकित्सीय सलाह पर जरूरत पड़ी तो उनका संगठन पंत को देहरादून से नई दिल्ली उनकी प्लास्टिक सर्जरी के लिए एयरलिफ्ट करेगा। पंत शुक्रवार सुबह रुढ़की के पास कार दुर्घटना के शिकार हो गए थे।

रोहन जेटली ने शनिवार को आईएनएस से कहा, “यदि चिकित्सीय जरूरत पड़ी तो हम पंत को प्लास्टिक सर्जरी के लिए दिल्ली एयरलिफ्ट कर सकते हैं। हम मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के लगातार संपर्क में हैं।” इस बीच सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने पंत के सड़क दुर्घटना में घायल होने पर गहरा दु:ख जताया।

डॉ. रावत ने पंत के रोड एक्सीडेंट में घायल होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पंत के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। घायल क्रिकेटर को देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में रेफर किये जाने पर डॉ. रावत ने मैक्स अस्पताल प्रबंधन एवं डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पंत के उपचार में डॉक्टरों की टीम जुटी हैं और वह खतरे से बाहर हैं।

हादसे के बाद क्रिकेटर रिषभ पंत की हालत स्थिर बनी हुई है। उनके दिमाग और रीढ़ की हड्डी में कोई चोट नहीं आई है। उनके घुटने और टखने का स्कैन होना बाकी है। पंत के चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी हो चुकी है। डॉक्टरों के अनुसार उनके पैर में फ्रैक्चर है, लेकिन यह ज्यादा गंभीर नहीं है

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *