बस्तर कांकेर । प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेव्हीवाय) 4.0 के अंतर्गत कांकेर जिले में रिकॉग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग (RPL) के तहत कौशल प्रमाणीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके माध्यम से विभिन्न ट्रेड और व्यवसायों में पहले से प्रशिक्षित एवं अनुभवी लोगों के कौशल का आकलन कर उन्हें कौशल प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
इस योजना का लाभ उन हितग्राहियों को मिलेगा, जिन्होंने किसी कार्य या व्यवसाय में अनुभव के माध्यम से कौशल अर्जित किया है और अब अपने कौशल के लिए मान्य प्रमाण-पत्र प्राप्त करना चाहते हैं। इसके लिए पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर RPL के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रमाणीकरण किया जाएगा।
लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर के सहायक परियोजना अधिकारी के अनुसार वर्तमान में असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन, राज मिस्त्री, सोलर पी.वी. इंस्टालर, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, डोमेस्टिक आईटी हेल्पडेस्क अटेंडेंट तथा जल वितरण संचालक जैसे कोर्स के लिए प्रमाणीकरण किया जाएगा।
इच्छुक एवं पात्र हितग्राही कौशल प्रमाणीकरण के लिए लाइवलीहुड कॉलेज, गोविन्दपुर, कांकेर में उपस्थित होकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। RPL के माध्यम से पूर्व अर्जित कौशल को औपचारिक मान्यता मिलने से हितग्राहियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों में लाभ मिलने की उम्मीद है।