बस्तर कांकेर । कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने समय-सीमा की बैठक में राजस्व विभाग के लंबे समय से लंबित प्रकरणों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को अगली बैठक तक लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, निराकरण नहीं होने की स्थिति में स्पष्ट कारण के साथ उपस्थित होने को कहा।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, फौती, बी-1 सहित जाति एवं अन्य प्रमाण-पत्रों से जुड़े मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे आम जनता की समस्याओं से जुड़ा है, इसलिए अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जाति प्रमाण-पत्रों की समीक्षा के दौरान कांकेर, नरहरपुर, कोयलीबेड़ा और अंतागढ़ तहसीलों में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त किया और जल्द प्रमाण-पत्र जारी करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को अपनी आईडी खोलकर शिकायतों का यथासंभव अपने स्तर पर निराकरण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एल-1 और एल-2 स्तर पर समय पर निराकरण नहीं होने पर प्रकरण स्वतः एल-3 यानी उच्च कार्यालय को स्थानांतरित हो जाएगा।
बैठक में विकसित भारत जी-रामजी, निष्क्रिय बैंक खातों के विलय, डीएमएफ के लंबित निर्माण कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विशेष केंद्रीय सहायता, नियद नेल्लानार, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस केंद्रों के निर्माण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित क्रियान्वयन एजेंसी से राशि वापस लेने की कार्रवाई की जा सकती है।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2023 से अब तक की गई घोषणाओं की भी समीक्षा की और शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्रों में गंभीर कुपोषित बच्चों को भर्ती कराने, 14 वर्ष की सभी किशोरी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों में शिविर आयोजित करने तथा आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर क्षीरसागर ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित अधिकारियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता की शपथ भी दिलाई। उन्होंने लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, एसडीएम कांकेर सरस्वती बंजारे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।