ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध: कल प्रदेशभर में दवा दुकानें बंद , चेंबर ऑफ कॉमर्स का मिला समर्थन

रायपुर | प्रदेशभर में 20 मई को दवा दुकानें बंद रहेंगी। यह बंद ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों द्वारा नियमों की अवहेलना कर किए जा रहे अनियंत्रित कारोबार और आम जनता के स्वास्थ्य पर मंडराते गंभीर खतरे के विरोध में किया जा रहा है। इस बंद को चेंबर ऑफ कॉमर्स ने समर्थन दिया है।

डिस्ट्रिक ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कृपलानी और कंफेडरेशन ऑफ फार्मा डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वासुदेव जोतवानी ने चेंबर के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी से मुलाकात कर बंद का समर्थन मांगा। चेंबर के पदाधिकारियों ने इसे नैतिक समर्थन देने की घोषणा की।

चेंबर कार्यकारी अध्यक्ष राधा किशन सुंदरानी ने बताया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर दवाओं पर अनियंत्रित छूट दी जा रही है, जो व्यापारिक नियमों के खिलाफ है। कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी ने चेतावनी दी कि इन साइट्स पर नकली और संवेदनशील दवाएं बिना किसी सत्यापन के बेची जा रही हैं। कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने कहा कि यह पारंपरिक दवा व्यापारियों के रोजगार को प्रभावित कर रहा है और युवाओं में दुरुपयोग को बढ़ावा दे रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *