पोषण माह 2026 की तैयारियां तेज, ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान

रायपुर । छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के प्रभावी आयोजन को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालनालय में अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों और सहयोगी संस्थाओं के अधिकारियों ने पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों, विभागीय समन्वय और मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारियों की समीक्षा की।

भारत सरकार के निर्देशानुसार सितंबर माह को प्रदेश में राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में जनभागीदारी के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष पोषण माह की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। अभियान का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा किशोरियों के पोषण स्तर में सुधार के साथ स्वस्थ खान-पान और पोषण संबंधी व्यवहार को बढ़ावा देना है।

आहार विविधता और प्रोटीन सेवन पर रहेगा जोर

बैठक में आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन सेवन, आंगनवाड़ी केंद्रों में ताजा एवं गरम पका हुआ भोजन, सामुदायिक सहभागिता, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए नकद अंतरण जैसे विषयों पर विशेष गतिविधियां संचालित करने पर चर्चा हुई।

अधिकारियों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं और गतिविधियों को आपस में जोड़ते हुए पोषण को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया। आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायतों, विद्यालयों और समुदाय के माध्यम से पोषण जागरूकता को व्यापक बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डिजिटल मॉनिटरिंग से होगी गतिविधियों की निगरानी

पोषण माह के दौरान समुदाय आधारित गतिविधियों, पोषण जागरूकता और डिजिटल मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पोषण ट्रैकर के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों के विभिन्न पोषण संकेतकों की डिजिटल निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।

बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, नगरीय प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण, स्कूल शिक्षा, जनसंपर्क, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, अनुसूचित जाति विकास, आदिम जाति कल्याण, कौशल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुष सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर पर नोडल अधिकारी नामांकित कर गतिविधियों के प्रभावी संचालन और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने कहा गया, ताकि पोषण माह के सभी कार्यक्रम निर्धारित समयसीमा में प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *