तिल्दा नेवरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सार्वजनिक स्थान पर विवाद करने वाले 3 असामाजिक तत्व जेल भेजे

तिल्दा नेवरा। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तिल्दा नेवरा पुलिस लगातार पेट्रोलिंग एवं भ्रमण कर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर अशांति फैलाने वाले तीन लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि तिल्दा के शासकीय अस्पताल के सामने मेन रोड पर दो पक्षों के बीच विवाद और लड़ाई-झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही थाना तिल्दा नेवरा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया।

पूछताछ के दौरान संबंधित लोग आक्रोशित होकर दोबारा मारपीट करने और शांति भंग करने पर उतारू हो गए। पुलिस ने उन्हें समझाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वे समझाइश मानने को तैयार नहीं हुए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तीनों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार कर अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय, तिल्दा नेवरा के समक्ष पेश किया।

न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद तीनों को जेल निरुद्ध कराया गया। कार्रवाई में उपकार देवार (43), तुलसी बाई देवार (33) और लोभी देवार (43), सभी निवासी वार्ड क्रमांक 15, देवार मोहल्ला, तिल्दा शामिल हैं।

तिल्दा नेवरा पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *