पीईकेबी कोयला खदान को लगातार पांचवीं बार मिला 5-स्टार सम्मान, राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव

रायपुर | छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्थित परसा ईस्ट एंड कांटा बासन (पीईकेबी) ओपनकास्ट कोयला खदान ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2024-25 के स्टार रेटिंग मूल्यांकन में खदान को सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग के साथ ‘5 स्टार अचीवर्स प्राइज’ से सम्मानित किया है। यह लगातार पांचवीं बार है, जब खदान को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है।

दो नवंबर को रायपुर के मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित स्टार रेटिंग अवार्ड समारोह-2026 में कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने यह पुरस्कार प्रदान किया। खदान को सुरक्षित, वैज्ञानिक, दक्ष और पर्यावरण-अनुकूल खनन पद्धतियों के साथ परिचालन उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया।

पीईकेबी खदान का संचालन परसा केंटे कोलियरीज लिमिटेड द्वारा किया जाता है। यह राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की तापीय विद्युत परियोजनाओं के लिए कोयले का प्रमुख स्रोत है। यहां से मिलने वाला कोयला राजस्थान की 4,340 मेगावाट क्षमता वाली तापीय विद्युत इकाइयों को बिजली उत्पादन में सहयोग प्रदान करता है। वहीं, अदाणी नेचुरल रिसोर्सेज द्वारा संचालित पीईकेबी और गारे पेलमा सेक्टर-तीन खदानों को भी 5-स्टार रेटिंग मिली है।

वित्त वर्ष 2024-25 के मूल्यांकन में देश की 50 कोयला खदानों को 5-स्टार रेटिंग प्रदान की गई, जिनमें 15 भूमिगत और 35 ओपनकास्ट खदानें शामिल हैं। इनमें छत्तीसगढ़ की पांच खदानों का चयन राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

खदानों का मूल्यांकन उत्पादन, परिचालन दक्षता, तकनीकी नवाचार, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों के कल्याण जैसे विभिन्न मानकों पर किया जाता है। यह प्रक्रिया कोल कंट्रोलर ऑर्गेनाइजेशन द्वारा नियुक्त स्वतंत्र विशेषज्ञों और अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से पूरी की जाती है।

पीईकेबी खदान में खनन गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण, भूमि पुनर्वास, जैव विविधता और हरित क्षेत्र के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लगातार पांचवीं बार मिला यह सम्मान खदान में कार्यरत कर्मचारियों और प्रबंधन के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देने के साथ जिम्मेदार एवं सतत खनन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *