रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जशपुर जिले में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनसंपर्क विभाग द्वारा रणजीता स्टेडियम के समीप तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। 13 से 15 अगस्त तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने किया।
प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम्’ और ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ की थीम पर आधारित छायाचित्रों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता यात्रा, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय एकता से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया है।
राष्ट्रीय गौरव और सद्भाव का संदेश
नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इनसे देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करने में मदद मिलती है।
प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज की महत्ता, स्वतंत्रता आंदोलन और देश के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को आकर्षक छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
हर घर तिरंगा और वंदे मातरम् की थीम
‘हर घर तिरंगा’ थीम के जरिए नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में राष्ट्रध्वज फहराने तथा तिरंगे की गरिमा और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
वहीं ‘वंदे मातरम्’ थीम में राष्ट्रीय गीत के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में बताया गया है कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित इस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों में मातृभूमि के प्रति प्रेम, त्याग और समर्पण की भावना को मजबूत किया।
विभाजन की त्रासदी से शांति और सद्भाव का संदेश
‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ के तहत वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान हुए विस्थापन, संघर्ष और लोगों की पीड़ा से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए वर्तमान पीढ़ी को शांति, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का महत्व समझाना है।
छात्राओं ने देखी प्रदर्शनी
महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक आदर्श कन्या शाला की छात्राओं ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। छात्राओं ने कहा कि प्रदर्शनी से उन्हें स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के योगदान और वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई परिस्थितियों की जानकारी मिली।
छात्राओं ने प्रदर्शनी को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इतिहास से सीख लेकर वर्तमान में आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।