छठ महापर्व पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी को दी 15.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

रायपुर । छठ महापर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी वासियों को लगभग 15 करोड़ 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने अपने जशपुर प्रवास के दौरान नगर पंचायत कुनकुरी में मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण तथा छठ तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगर में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। कुनकुरी के छठ तालाब का विकास और सौंदर्यीकरण होने से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि नगरों का विकास केवल बुनियादी ढांचे के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है।

छठ तालाब का होगा कायाकल्प, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री द्वारा भूमिपूजन किए गए कार्यों में छठ तालाब का कायाकल्प प्रमुख है। इसके तहत 6 करोड़ 89 लाख 61 हजार रुपये की लागत से तालाब का रिज्युविनेशन तथा 5 करोड़ 17 लाख 2 हजार रुपये की लागत से छठ तालाब विकास कार्य कराया जाएगा।

इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद छठ तालाब परिसर को आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप मिलेगा। यहां नागरिकों के टहलने के लिए पाथ-वे, बच्चों के लिए खेल मैदान और योगाभ्यास के लिए निर्धारित स्थल सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे छठ तालाब धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ नगरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और पारिवारिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।

3.65 करोड़ रुपये से बनेगा मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन

नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक-01 में 3 करोड़ 65 लाख 3 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन के बनने से नगरवासियों को सामाजिक समारोहों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही स्थानीय कला, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कुनकुरी के समग्र विकास को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इन विकास कार्यों से कुनकुरी की सुंदरता बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

छठ महापर्व के अवसर पर विकास कार्यों के भूमिपूजन से नगरवासियों में उत्साह का माहौल रहा। छठ तालाब के सौंदर्यीकरण और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए नई अधोसंरचना के निर्माण से कुनकुरी के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *