रायपुर । लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित छठ घाट पर पहुंचकर उगते सूर्यदेव को उषा अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि, खुशहाली और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं एवं समस्त प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच छठ महापर्व में शामिल होकर भगवान सूर्यदेव की आराधना करना उनके लिए सौभाग्य और प्रसन्नता का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का अनुपम संगम है। यह पर्व हमें जीवन के आधार सूर्य, जल और प्रकृति के प्रति श्रद्धा एवं आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। छठ पूजा में निहित पवित्रता, अनुशासन, संयम, तप और समर्पण की भावना भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि कुनकुरी सहित पूरे जशपुर अंचल में छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। यहां यह पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। हमारी समृद्ध परंपराएं समाज को एकजुट रखने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनी रहे। छत्तीसगढ़ विकास और खुशहाली के पथ पर निरंतर आगे बढ़े तथा प्रदेशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता का संचार हो।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।