तिल्दा-नेवरा में आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, बन्नू बाई तालाब घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

तिल्दा-नेवरा। सूर्योपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ तिल्दा-नेवरा नगर में भक्तिभाव, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। नगर के वार्ड क्रमांक 22 स्थित बन्नू बाई तालाब घाट पर छठ पूजा के अवसर पर सुबह से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे घाट परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

छठ महापर्व के एक दिन पूर्व संध्या अर्घ्य के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला खुमान वर्मा एवं वार्ड पार्षद भी बन्नू बाई तालाब स्थित छठ घाट पहुंचे। उन्होंने छठ पूजा कार्यक्रम में सहभागिता निभाते हुए व्रतधारी महिलाओं एवं नगरवासियों को महापर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

महापर्व के समापन दिवस पर तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं का घाट पर पहुंचना शुरू हो गया था। पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाओं ने तालाब के पानी में खड़े होकर बांस के सूप में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री सजाकर उगते सूर्यदेव को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया। वहीं पुरुषों और बच्चों ने भी लोटे से दूध एवं जल अर्पित कर भगवान भास्कर की आराधना में सहभागिता निभाई।

इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से बन्नू बाई तालाब का पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

छठ महापर्व के आयोजन ने नगर में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच भक्तिमय वातावरण में महापर्व का समापन हुआ।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *