Now explore Delhi Zoo without getting lost, with the launch of the ‘NZP Saathi’ app; everything from tickets to animal locations is available on your mobile phone.

नई दिल्ली। राजधानी के राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (दिल्ली चिड़ियाघर) में घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए अब सफर पहले से ज्यादा आसान और स्मार्ट होने जा रहा है। जू प्रशासन ने विजिटर्स की सुविधा के लिए “NZP Saathi” नाम का नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया है, जिसका बीटा वर्जन फिलहाल ट्रायल आधार पर शुरू किया गया है। इस डिजिटल पहल का उद्देश्य चिड़ियाघर भ्रमण को अधिक व्यवस्थित, सुविधाजनक और इंटरैक्टिव बनाना है।

इस ऐप के जरिए पर्यटक अब अपने मोबाइल पर ही चिड़ियाघर का पूरा डिजिटल रूट मैप देख सकेंगे। ऐप में जानवरों की लोकेशन, बैटरी ट्रॉली और रिक्शा सेवा, खाने-पीने की जगह, वॉटर पॉइंट, टॉयलेट और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे लोगों को पूरे चिड़ियाघर में भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे आसानी से अपने पसंदीदा जानवरों और सेक्शन तक पहुंच सकेंगे।

जू प्रशासन के मुताबिक, अक्सर पर्यटक यह तय नहीं कर पाते कि यात्रा कहां से शुरू करें और कौन सा जानवर किस दिशा में स्थित है। कई बार पूरा चिड़ियाघर घूमने के बावजूद कुछ प्रमुख एनक्लोजर छूट जाते हैं। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए “NZP Saathi” ऐप तैयार किया गया है, ताकि विजिटर्स कम समय में बेहतर तरीके से पूरा जू एक्सप्लोर कर सकें।

ऐप की सबसे खास बात यह है कि इसके जरिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी मिलेगी। इससे प्रवेश प्रक्रिया तेज और आसान होगी तथा लंबी कतारों से राहत मिल सकेगी।

बिना इंटरनेट के भी करेगा काम

चिड़ियाघर के कई हिस्सों में मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने की समस्या को देखते हुए इस ऐप को ऑफलाइन मोड में भी डिजाइन किया गया है। यह GPS आधारित सिस्टम है, जिसे एक बार डाउनलोड करने के बाद इंटरनेट के बिना भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी नेटवर्क न होने की स्थिति में भी विजिटर्स को रूट मैप और जानवरों की जानकारी मिलती रहेगी।

अलग-अलग विजिटर्स के लिए खास रूट

“NZP Saathi” ऐप में अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से रूट विकल्प भी दिए जाएंगे। कम समय वाले विजिटर्स के लिए 1 से 2 घंटे का एक्सप्रेस रूट तैयार किया गया है, जबकि परिवार के साथ आने वालों के लिए 3 से 4 घंटे का फैमिली रूट उपलब्ध होगा। इसके अलावा वन्यजीवों और पक्षियों को विस्तार से देखने के इच्छुक लोगों के लिए एक्सप्लोरर रूट भी जोड़ा जाएगा।

 पसंद के हिसाब से मिलेगा पर्सनलाइज्ड रूट

ऐप में पर्सनलाइज्ड रूट फीचर भी जोड़ा जा रहा है। यदि कोई विजिटर सिर्फ शेर, बाघ, हाथी या पक्षियों को देखना चाहता है, तो ऐप उसी के अनुसार सबसे आसान और छोटा रास्ता सुझाएगा। इससे समय की बचत होगी और विजिटर्स सीधे अपने पसंदीदा सेक्शन तक पहुंच सकेंगे।

ऑडियो फीचर से मिलेगा नया अनुभव

“NZP Saathi” ऐप में ऑडियो इन्फॉर्मेशन फीचर भी शामिल किया गया है। इसके जरिए लोग जानवरों के व्यवहार, आदतों और उनकी खास विशेषताओं के बारे में जानकारी सुन सकेंगे। जू प्रशासन का मानना है कि इससे चिड़ियाघर भ्रमण केवल मनोरंजक ही नहीं, बल्कि बच्चों और परिवारों के लिए अधिक शैक्षणिक और इंटरैक्टिव अनुभव भी बनेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *