नॉर्वे में PM मोदी का ऐतिहासिक सम्मान, ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ रॉयल ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से नवाजे गए

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया है। नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम ने सोमवार को पीएम मोदी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। खास बात यह है कि यह प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया के विभिन्न देशों से मिला 32वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान बन गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों यूरोप के पांच देशों के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। इसी दौरे के तहत वे सोमवार को नॉर्वे पहुंचे, जहां तीसरे भारत-नॉर्डिक समिट और कई द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। नॉर्वे पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया और इसी दौरान उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।

नॉर्वे सरकार की ओर से दिए गए इस सम्मान को भारत और नॉर्वे के बीच मजबूत होते संबंधों, वैश्विक कूटनीति में भारत की बढ़ती भूमिका और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना के रूप में देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी का यह विदेशी दौरा 15 मई को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से शुरू हुआ था। इसके बाद वे नीदरलैंड्स पहुंचे और फिर नॉर्वे पहुंचे। आगामी दिनों में वे स्वीडन और इटली का भी दौरा करेंगे। इस पूरे दौरे को वैश्विक साझेदारी, व्यापार, निवेश, ऊर्जा सहयोग और सामरिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी को इससे पहले भी अमेरिका, फ्रांस, रूस, मिस्र, सऊदी अरब, ग्रीस और कई अन्य देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार मिल रहे अंतरराष्ट्रीय सम्मान भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और कूटनीतिक प्रभाव को दर्शाते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *