नई दिल्ली। NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आज जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन होने जा रहा है। यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा आयोजित किया गया है, जिसमें शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों से अपील की है कि वे प्रदर्शन के दौरान थाली और चम्मच लेकर शामिल हों, ताकि सरकार का ध्यान शांतिपूर्ण तरीके से आकर्षित किया जा सके।
प्रदर्शन में NEET पेपर लीक मामले की जांच, प्रभावित छात्रों को न्याय और कथित अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से रखी जाएगी। पार्टी का कहना है कि परीक्षा विवाद के कारण कई छात्रों और परिवारों पर गंभीर मानसिक और सामाजिक दबाव पड़ा है।
आयोजकों ने केंद्र सरकार से प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने और पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग दोहराई है। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपील भी की गई है।
CJP इससे पहले भी 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर चुकी है और पिछले कुछ दिनों में देश के कई शहरों में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। आज के प्रदर्शन को इसी आंदोलन की अगली कड़ी माना जा रहा है।