नई दिल्ली। दिल्ली-मेरठ के बीच चल रही नमो भारत ट्रेन को अब उत्तराखंड के ऋषिकेश तक विस्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तराखंड सरकार और नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) के बीच इस प्रस्ताव को लेकर सहमति बन गई है। प्रस्तावित योजना के तहत नमो भारत कॉरिडोर को करीब 150 किलोमीटर आगे बढ़ाया जाएगा।
वर्तमान में दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन हो रहा है। विस्तार के बाद यह कॉरिडोर करीब 230 किलोमीटर लंबा हो जाएगा। इससे दिल्ली से ऋषिकेश तक की यात्रा लगभग तीन घंटे में पूरी होने की उम्मीद है।
हर की पौड़ी से लक्ष्मण झूला तक पहुंचेगी ट्रेन
प्रस्तावित रूट मेरठ के मोदीपुरम से शुरू होकर दौराला, खतौली, मुजफ्फरनगर, पुरकाजी, रुड़की, हरिद्वार और हर की पौड़ी होते हुए ऋषिकेश तक जाएगा। इसके बाद अंतिम टर्मिनस स्टेशन लक्ष्मण झूला क्षेत्र में विकसित किया जा सकता है। इस विस्तार का करीब 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा।
जल्द शुरू होगा सर्वे और DPR तैयार करने का काम
अधिकारियों के अनुसार परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इसके लिए प्रस्तावित मार्ग का सर्वे होगा। सर्वे के आधार पर स्टेशनों की संख्या, लोकेशन, निर्माण लागत और समयसीमा तय की जाएगी।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
नमो भारत के ऋषिकेश तक पहुंचने से चारधाम यात्रा, हरिद्वार और ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बड़ा लाभ मिलेगा। तेज और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी से सड़क मार्ग पर दबाव कम होगा और यात्रा आसान होगी।
उत्तराखंड सरकार का मानना है कि यह परियोजना राज्य में निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देगी। बेहतर कनेक्टिविटी से दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच आवागमन और मजबूत होगा।