नई दिल्ली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर दिल्ली सरकार ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। 21 जून को होने वाली परीक्षा के दौरान राजधानी के परीक्षा केंद्रों पर पहली बार अभिभावकों के लिए कूलिंग जोन बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर बनाए जा रहे कूलिंग जोन में अभिभावकों के बैठने, गर्मी से राहत पाने और इंतजार करने की सुविधा उपलब्ध होगी। यहां स्वच्छ पेयजल, शिकंजी, ओआरएस, चाय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
दिल्ली में बनाए गए हैं 97 परीक्षा केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में NEET परीक्षा के लिए कुल 97 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 69 सरकारी स्कूलों और 28 केंद्रीय विद्यालय संगठन के विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान छात्र केंद्र के अंदर रहते हैं, जबकि अभिभावक कई घंटे बाहर इंतजार करते हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने उनके लिए यह व्यवस्था की है।
अभिभावकों को मिलेगी आरामदायक प्रतीक्षा सुविधा
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पहले कई अभिभावकों को धूप और गर्मी में पेड़ों की छांव या आसपास के क्षेत्रों में बैठकर इंतजार करना पड़ता था। अब परीक्षा केंद्रों के आसपास ही उनके लिए सुविधाजनक प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध कराया जाएगा।
डिविजनल कमिश्नर के निर्देश पर संबंधित अधिकारी सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास कूलिंग जोन की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं।
परीक्षा अनुभव बेहतर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल परीक्षा का सफल आयोजन करना नहीं, बल्कि छात्रों और परिवारों के अनुभव को बेहतर बनाना भी है। उन्होंने कहा कि अभिभावक सहज रहेंगे तो छात्रों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में पहले से ही लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए 85 शेड, 15 कूलिंग जोन और 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट संचालित किए जा रहे हैं। NEET परीक्षा के दौरान अभिभावकों के लिए बनाए जा रहे कूलिंग जोन भी इसी पहल का हिस्सा हैं।