रायपुर । नगर पालिक निगम रायपुर ने बकाया संपत्तिकर की वसूली को लेकर बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत मंगलवार को चलाए गए विशेष अभियान में वर्षों से संपत्तिकर जमा नहीं करने वाले बकायादारों के 6 व्यावसायिक परिसरों को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर ही 77,712 रुपये के टैक्स की वसूली भी की गई।
नगर निगम आयुक्त, अपर आयुक्त, उपायुक्त एवं जोन आयुक्त के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। निगम के अनुसार संबंधित बकायादारों को कई वर्षों से डिमांड बिल एवं नोटिस जारी कर संपत्तिकर जमा करने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन भुगतान नहीं किए जाने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
इन परिसरों पर हुई कार्रवाई
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 52 में कार्रवाई के दौरान धीरज कुमार बोथरा एवं ऋषभ चंद जी बोथरा के 59,454 रुपये, आयशा मेमन के 53,367 रुपये, ज्योति पोद्दार के 52,901 रुपये और मो. नफीस खान के 57,709 रुपये के बकाया वाले परिसरों को सील किया गया।
इसी तरह बाबू जगजीवन राम वार्ड क्रमांक 53 में अमित सलूजा के 1,97,854 रुपये तथा देशबंधु एच.एस. इंग्लिश मीडियम स्कूल के अध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत शुक्ला के 6,68,706 रुपये के बकाया वाले परिसर को भी सीलबंद किया गया।
नगर निगम के मुताबिक मंगलवार की कार्रवाई में कुल 11,67,703 रुपये के बकाया के विरुद्ध 6 व्यावसायिक परिसरों को सील किया गया। वहीं, राजेश जुमनानी एवं अनीता जुमनानी के परिसर में सीलिंग की कार्रवाई के दौरान ही 77,712 रुपये का संपत्तिकर भुगतान प्राप्त हुआ।
बड़े बकायादारों पर जारी रहेगा अभियान
जोन क्रमांक 10 कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि संपत्तिकर का भुगतान नहीं करने वाले अन्य बड़े बकायादारों के खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नगर निगम ने बकायादारों से समय पर संपत्तिकर जमा करने की अपील की है, ताकि कठोर कार्रवाई से बचा जा सके।