रायपुर । नया रायपुर अटल नगर में आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने सेक्टर-12 में हाउसिंग बोर्ड फेस-2 के तहत प्रस्तावित आवासीय परियोजना का भूमिपूजन किया।
सेक्टर-12 फेस-2 में करीब 119.89 करोड़ रुपये की लागत से आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। इसके तहत 29.20 एकड़ भूमि पर एचआईजी और एमआईजी श्रेणी के 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन आवासीय भवनों की बेस कीमत 45.70 लाख रुपये से 85.117 लाख रुपये तक निर्धारित की गई है।
इसके अलावा परियोजना में 704 नए फ्लैट्स का भी निर्माण किया जाएगा। इससे नया रायपुर अटल नगर में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही लोगों को आधुनिक और सुविधाजनक आवास उपलब्ध होंगे।
मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नए आवासों के निर्माण से नया रायपुर में 5 लाख लोगों को शिफ्ट करने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आवासीय सुविधाओं के साथ-साथ क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विकास पर भी लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बेहतर सुविधाओं के कारण हाउसिंग बोर्ड की आवासीय परियोजनाओं को लोगों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। नया रायपुर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित करने के लिए आवास एवं अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।